लखनऊ। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के 14 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
कई जिलों में गर्मी का कहर, पारा 43 डिग्री पार
प्रदेश में रविवार को 16 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बांदा और झांसी सबसे गर्म शहर रहे, जहां तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और गर्मी के कारण दिन में लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया और कई जगह लू जैसे हालात बने रहे।
मौसम में लगातार बदलाव, कहीं बारिश तो कहीं आंधी
रविवार तड़के महाराजगंज में करीब डेढ़ घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, जिसमें तेज हवाओं के साथ बिजली भी चमकी। बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया। वहीं मथुरा में शाम को अचानक मौसम बदल गया और धूल भरी आंधी के साथ बादल छा गए।
मौसम विभाग का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
11 जून के बाद प्री-मानसून बारिश शुरू होगी
IMD के मुताबिक, 9 जून से 3 दिन हीटवेव (लू) चलेगी। 11 जून के बाद प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू होगा। इस बार यूपी में मानसून 4 से 6 दिन लेट पहुंच सकता है। इसके 24 जून तक यूपी में प्रवेश करने की संभावना है।
बांदा और झांसी रहे सबसे गर्म
रविवार को बांदा और झांसी प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 42.8 डिग्री, जबकि कानपुर और फर्रुखाबाद में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा।