उत्तरप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को पश्चिमी उत्तरप्रदेश और बुंदेलखंड के 19 जिलों में गरज-चमक, 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के 43 अन्य जिलों में बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
अगले तीन दिन तेज बारिश के आसार
मानसून की सक्रियता बढ़ने से अगले तीन दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भी व्यापक वर्षा का दौर देखने को मिल सकता है।
कई जिलों में झमाझम बारिश, तापमान में गिरावट
बुधवार को प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों और बुंदेलखंड में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। सबसे अधिक 144.4 मिलीमीटर बारिश चित्रकूट में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बदायूं में 94 मिमी, सिद्धार्थनगर में 72.8 मिमी, मेरठ में 71.9 मिमी, मुजफ्फरनगर में 68 मिमी और बांदा में 64 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इन 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
43 जिलों में येलो अलर्ट
बांदा, फतेहपुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अंबेडकर नगर, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं और ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।