उत्तरप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे राजधानी लखनऊ में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। इससे पहले सुबह मथुरा में करीब दो घंटे तक हुई बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं, हाथरस में लगभग 45 मिनट की तेज बारिश के बाद सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया और कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
28 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को प्रदेश के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कानपुर में टूटा 15 साल का रिकॉर्ड
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कानपुर में हुई मूसलाधार बारिश ने पिछले 15 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 3 जुलाई को शहर में 108 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि इससे पहले 1 जुलाई 2011 को 101 मिमी बारिश दर्ज हुई थी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में उत्तरप्रदेश में औसतन 6.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य 5.7 मिमी से करीब 9 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, 1 जून से अब तक प्रदेश में कुल 64.5 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 112.5 मिमी की तुलना में लगभग 43 प्रतिशत कम है।