उत्तरप्रदेश में इन दिनों मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 11 जून से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
आज अधिकांश जिलों में रहेगा शुष्क मौसम
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक मंगलवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह से आसमान साफ रहेगा और दिन चढ़ने के साथ तापमान में बढ़ोतरी होगी। कई इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं।राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में दिनभर तेज धूप और गर्मी का असर देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 14 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें झांसी, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, कानपुर, कौशांबी, प्रयागराज, चित्रकूट, वाराणसी, संत रविदास नगर (भदोही), सोनभद्र और चंदौली शामिल हैं।इन जिलों में हीटवेव के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
10 जून से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 10 जून से प्रदेश के मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं।
12 जून को तेज बारिश के संकेत
मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। 14 जून तक प्रदेश में मौसम का यही बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है।
मानसून की दस्तक के लिए अनुकूल परिस्थितियां
दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश में भी प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो रही हैं। मौसम विभाग का मानना है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो प्रदेश में जल्द ही मानसून दस्तक दे सकता है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लू प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। वहीं बारिश और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।