लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। रविवार से प्रदेश में नौतपा का असर शुरू होने जा रहा है, जिसके चलते अगले छह दिनों तक तेज लू और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बांदा सबसे गर्म, कई जिलों में 44 डिग्री पार
शनिवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 46 डिग्री, झांसी में 44.9, वाराणसी में 44.7, हमीरपुर में 44.6 और सुल्तानपुर में 44.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
अवध और एनसीआर के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश
भीषण गर्मी के बीच अवध के कई जिलों में मौसम ने करवट भी ली। अयोध्या, बाराबंकी और गोंडा में दोपहर बाद तेज आंधी चली, जिससे कई बिजली के खंभे गिर गए और पेड़ उखड़ गए। बाराबंकी में हल्की बारिश भी हुई। हालांकि लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, अमेठी और बहराइच समेत कई जिलों में गर्मी का असर बरकरार रहा।
छह दिन बाद मिल सकती है राहत
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है, इसलिए मौसम शुष्क बना रहेगा। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ने बताया कि अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उसके बाद ऑरेंज अलर्ट रहेगा। उन्होंने कहा कि करीब छह दिन बाद प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।