उत्तर प्रदेश में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को फिलहाल राहत मिली है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 57 जिलों में तेज आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
10 डिग्री तक गिरा तापमान, गर्मी से मिली राहत
पिछले तीन दिनों से जारी आंधी और बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। जहां कुछ दिन पहले बांदा में तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब प्रदेश का अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास आ गया है। पिछले 24 घंटों में मुरादाबाद सबसे गर्म जिला रहा, जहां 38.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फतेहपुर में 38°C, लखीमपुर खीरी में 37°C, अयोध्या में 36°C, वाराणसी में 35.4°C और आगरा में 35.2°C तापमान दर्ज किया गया।
2 जून से फिर लौटेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार 1 जून तक प्रदेश में हल्की बारिश, बादल और ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा। हालांकि 2 जून से मौसम फिर बदलने लगेगा और तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। अच्छी बात यह है कि फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन जून के पहले सप्ताह में गर्मी फिर से अपने तेवर दिखा सकती है।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नम हवाओं के साथ सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने प्रदेश का मौसम बदल दिया है। इसी वजह से 28 मई से लगातार कई जिलों में बारिश और आंधी का दौर जारी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र में तेज तूफान का खतरा सबसे अधिक बना हुआ है।
अगले 5 दिनों का मौसम अपडेट
1 जून
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के आसार।
पूर्वी यूपी में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
2 जून
प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना।
तापमान बढ़ना शुरू होगा, लेकिन लू नहीं चलेगी।
3 जून
आसमान साफ रहेगा।
गर्मी और उमस में बढ़ोतरी होगी।
4 जून
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज धूप और गर्म हवाएं चल सकती हैं।
तापमान में और उछाल आने की संभावना।
5 जून
पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के संकेत।
पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा।
बदायूं में आंधी-बारिश का असर, बिजली व्यवस्था प्रभावित
शनिवार रात बदायूं में तेज आंधी और बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिर गए। पुलिस लाइन समेत शहर के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति बाधित रही। हाइवे पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे बाद में प्रशासन ने जेसीबी की मदद से हटवाकर सुचारु कराया।