लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने आज से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना जताई है। राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा और तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसकी वजह से पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में तेज आंधी और ओले गिर सकते हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
नोएडा-गाजियाबाद समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मथुरा, बागपत, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, मैनपुरी और औरैया समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं आगरा में दिन के समय भीषण गर्मी और हीटवेव का असर रहेगा, लेकिन शाम के बाद मौसम बदल सकता है।
बुंदेलखंड में दिन में लू, शाम को आंधी-बारिश
जालौन, झांसी, महोबा और हमीरपुर जैसे बुंदेलखंड के जिलों में दिन के समय लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि शाम होते-होते यहां भी मौसम करवट ले सकता है और तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की सलाह दी है।
लखनऊ में शाम से बदलेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। हालांकि शाम के बाद मौसम बदलने लगेगा और आसमान में बादल छा सकते हैं। रात के समय तेज आंधी और बारिश होने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इसके अलावा सीतापुर, गोरखपुर, अयोध्या, मऊ और बलिया में भी गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी
रामपुर, संभल, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बहराइच, कन्नौज, कानपुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, देवरिया, बस्ती और बलिया समेत कई जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है और अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।