लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब समाप्त होने की ओर है। इसके चलते प्रदेश के विभिन्न जिलों में आंधी, बारिश और बादलों की आवाजाही देखने को मिली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ जाएगा और इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। आने वाले कुछ दिनों में प्रदेशवासियों को एक बार फिर तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
कई जिलों में हुई बारिश, लोगों को मिली राहत
सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहा। सुल्तानपुर में 14.8 मिमी, फतेहपुर में 7.3 मिमी, अमेठी में 6.6 मिमी, आजमगढ़ में 3.8 मिमी, हरदोई में 1.6 मिमी और झांसी में 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र के झांसी, ललितपुर और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को राहत मिली।
आज से कमजोर पड़ेगा पश्चिमी विक्षोभ
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब तेजी से कमजोर हो रहा है। इसके चलते मंगलवार से आंधी और बारिश की गतिविधियां काफी हद तक कम हो जाएंगी। मौसम विभाग ने आज के लिए किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। विशेषज्ञों का कहना है कि अब मौसम धीरे-धीरे साफ होगा और धूप का असर बढ़ने लगेगा।
अगले चार दिनों में तेजी से बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद गर्म हवाएं और तेज धूप एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। सोमवार को फर्रुखाबाद 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। आने वाले दिनों में कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में भी बढ़ेगी गर्मी
राजधानी लखनऊ में सोमवार को दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली का दौर चलता रहा। बादलों और पुरवाई हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हुई, लेकिन उमस भरी गर्मी बनी रही। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार के बाद लखनऊ में बारिश और आंधी का सिलसिला थम जाएगा। इसके बाद आसमान साफ रहेगा और धूप खिलने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।