लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खुदाई के बाद सड़कों और गड्ढों को तत्काल भरा जाए, अन्यथा संबंधित ठेकेदारों और एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खुदाई के बाद तुरंत हो मरम्मत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जहां भी पाइपलाइन या अन्य कार्यों के लिए खुदाई की जा रही है, वहां सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो। कार्य पूरा होते ही सड़कों और गड्ढों को तुरंत ठीक किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चेतावनी दी है कि कार्य में देरी, अधूरा काम या लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा और उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खुद मौके पर जाकर निरीक्षण करें और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
अधिकारियों को दिए निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिलाधिकारी, जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें। साथ ही जल समाधान पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
टोल फ्री नंबर पर कर सकते हैं शिकायत
जलापूर्ति, लीकेज या खुदाई से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 18001212164 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सरकार का लक्ष्य है कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
हर घर जल पहुंचाने पर फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए तेजी से काम कर रही है। प्रदेश में अब तक करीब 2.50 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल कनेक्शन दिया जा चुका है, जबकि विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों में लगभग शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।