लखनऊ। उत्तरप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। गुरुवार शाम से शुरू हुए मौसम परिवर्तन के बाद कई जिलों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिली, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के करीब 70 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ जिलों में ओलावृष्टि का भी खतरा बना हुआ है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। इसके चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।आगरा, मथुरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, इटावा, झांसी, ललितपुर सहित कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
कानपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट और महोबा जैसे जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर और अन्य कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वी यूपी में भी असर
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मेघ गर्जन और बिजली चमकने के साथ बारिश का अनुमान है। यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के चलते तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि अगले कुछ दिनों में फिर हल्की बढ़ोतरी की संभावना है।
लखनऊ और आसपास के जिलों का मौसम
राजधानी लखनऊ में सुबह से आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। दोपहर बाद हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि उसके बाद मौसम साफ हो सकता है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और अयोध्या में भी आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में 17 जून तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रह सकता है।