लखनऊ। उत्तरप्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आगरा, बांदा, झांसी सहित कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, जबकि रातें भी गर्म बनी हुई हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई जिलों में हीट वेव और प्रचंड गर्मी का अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में प्रचंड गर्मी के साथ हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां दोपहर के समय तापमान अत्यधिक रहने की संभावना है।इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर और प्रतापगढ़ सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में रातें भी गर्म रहने की चेतावनी दी गई है।झांसी, महोबा, ललितपुर, संत कबीर नगर, सोनभद्र और मीरजापुर में भी हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में भी नहीं मिलेगी राहत
राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन में तेज धूप और रात में गर्म हवाओं से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
50 से अधिक जिलों में यलो अलर्ट
सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, बुलंदशहर, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सीतापुर, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया सहित कई जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी गर्म रातें लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं।
अगले तीन दिन राहत नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं है। 26 मई तक मौसम इसी तरह बना रहेगा, जबकि 27 मई को पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में बड़ी राहत नहीं मिलेगी।पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और हीट वेव जारी रहने की संभावना है। वहीं लगातार बढ़ते तापमान के कारण अगले 24 घंटों में 2-3 डिग्री की और वृद्धि हो सकती है।