उत्तरप्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी लखनऊ, सुल्तानपुर और आसपास के कई जिलों में देर रात तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 75 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार लगातार सक्रिय मानसूनी सिस्टम के चलते प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाएं और भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।
बिजनौर में मालन नदी उफान पर
लगातार हो रही बारिश के कारण बिजनौर की मालन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे नदी में हुए दो अलग-अलग हादसों में चार युवक तेज बहाव में बह गए। इनमें से एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि अन्य की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
48 घंटे में 15 लोगों की मौत
प्रदेश में पिछले 48 घंटों के दौरान बारिश और उससे जुड़े हादसों में 15 लोगों की जान जा चुकी है। सबसे अधिक चार मौतें गाजियाबाद जिले में दर्ज की गई हैं। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।