उत्तरप्रदेश में मानसून सक्रिय रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है। राज्य के अधिकांश जिलों में अब तक सामान्य बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार 29 जिलों में सामान्य वर्षा, 10 जिलों में सामान्य से अधिक और 21 जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी जिले में अत्यधिक या बेहद कम बारिश की स्थिति नहीं है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को प्रदेश के चार जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं कई जिलों में सुबह से ही हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे मौसम ठंडा और खुशनुमा बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में भी बारिश होने के आसार हैं।
आज कैसा रहेगा उत्तरप्रदेश का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। खासकर पूर्वी उत्तरप्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं लगभग 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
शनिवार को कैसा रहा मौसम
राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को लखनऊ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 35 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
सोनभद्र में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
आईएमडी के अनुसार शनिवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 85.4 मिमी बारिश सोनभद्र जिले में दर्ज की गई। इसके अलावा मिर्जापुर में 75.2 मिमी, चंदौली में 70.6 मिमी, वाराणसी में 64.4 मिमी और संत कबीर नगर में 61.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पूर्वी और मध्य उत्तरप्रदेश के कई अन्य जिलों में भी मध्यम से भारी बारिश हुई है, जिससे आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना बनी हुई है।