उत्तरप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार दोपहर से शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक लगातार जारी रही। रातभर रुक-रुककर हुई बारिश के बाद सुबह कुछ देर के लिए मौसम साफ हुआ, लेकिन जल्द ही आसमान में घने बादल छा गए और फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
49 जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को प्रदेश के 49 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुबह से उन्नाव, बलरामपुर, बिजनौर, हापुड़ समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। हापुड़ के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जहां करीब दो फीट तक पानी भर गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
13 जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद
लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद समेत 13 जिलों में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहने की अपील की है।
बिजनौर में रिकॉर्ड बारिश, कई शहरों में जलभराव
गुरुवार को उत्तरप्रदेश के 69 शहरों में बारिश दर्ज की गई। बिजनौर के नजीबाबाद में 24 घंटे के दौरान 306 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो वर्ष 1952 के बाद चौथी सबसे अधिक 24 घंटे की वर्षा और जुलाई महीने की तीसरी सबसे बड़ी बारिश मानी जा रही है। मेरठ मेडिकल कॉलेज परिसर में भी जलभराव हो गया, जिसके चलते ओपीडी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ीं।
बारिश से जुड़े हादसों में 10 लोगों की मौत
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई हादसे भी सामने आए हैं। अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। हरदोई में नदी में नहाने गई दो बहनें तेज बहाव में बह गईं, जिनमें से एक को ग्रामीणों की मदद से बचा लिया गया, जबकि दूसरी की तलाश जारी है। वहीं सहारनपुर में सहंश्रा नदी के तेज बहाव में एक महिला सहित तीन लोग बाइक समेत बहने लगे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।