असमोली- उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली क्षेत्र के गांव ओवरी में एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 24 वर्षीय एक महिला ने अपनी पहली ही डिलीवरी में चार बच्चों को जन्म दिया है। सबसे हैरानी की बात यह रही कि इन चारों बच्चों का जन्म एक ही दिन नहीं, बल्कि पूरे पांच दिनों के अंतराल में हुआ।
अनोखी घटना ने डॉक्टरों को आश्चर्य में डाला
इस अनोखी घटना ने इलाके के लोगों के साथ-साथ डॉक्टरों को भी आश्चर्य में डाल दिया है। मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के मामले बेहद कम देखने को मिलते हैं। आमतौर पर जुड़वा या एक से अधिक बच्चों का जन्म एक ही समय में होता है, लेकिन पांच दिन के अंतराल में चार बच्चों का जन्म होना काफी दुर्लभ माना जा रहा है।
महिला ने 5 दिन में दिया चार बच्चों को जन्म
जानकारी के मुताबिक, महिला को प्रसव पीड़ा होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पहले बच्चे के जन्म के बाद डॉक्टर लगातार महिला की निगरानी करते रहे। इसके बाद अलग-अलग समय पर बाकी बच्चों का जन्म हुआ। फिलहाल मां और चारों बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
ऐसी घटनाएं बहुत कम देखने को मिलती हैं
डॉक्टरों का कहना है कि यह मामला चिकित्सा विज्ञान की दृष्टि से बेहद खास है। ऐसी घटनाएं बहुत कम देखने को मिलती हैं और इसमें लगातार मेडिकल निगरानी बेहद जरूरी होती है। गांव में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है। लोग इसे कुदरत का करिश्मा बता रहे हैं। परिवार में भी खुशी का माहौल है और रिश्तेदार लगातार मां और नवजात बच्चों को देखने पहुंच रहे हैं।
सोशल मीडिया पर खबर तेजी से वायरल हुई
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहली बार ऐसा अनोखा मामला देखा है। सोशल मीडिया पर भी यह खबर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे। संभल में सामने आया यह मामला चिकित्सा जगत और आम लोगों दोनों के लिए कौतूहल का विषय बन गया है।