उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया और अपराध का बोलबाला था, जबकि आज उत्तर प्रदेश रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि पहले तमंचे बनाए जाते थे, लेकिन अब प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार की प्राथमिकता कानून व्यवस्था, विकास और राष्ट्र सुरक्षा है।
लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित भाजपा के अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बातें कहीं। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकारें हर जिले में माफिया को संरक्षण देती थीं और उनका पूरा ध्यान लूटतंत्र को मजबूत करने पर था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार राष्ट्र की सुरक्षा, सुशासन और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उनके अनुसार आज उत्तर प्रदेश रक्षा उत्पादन का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
सपा-कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस लंबे समय तक समाज को जाति के आधार पर बांटने की राजनीति करती रहीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।