उत्तरप्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल का आज विस्तार होने जा रहा है। लखनऊ स्थित जनभवन में दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में 6 नए विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए चेहरों में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, पूजा पाल, सुरेंद्र दिलेर, कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा के नाम शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम राज्यपाल से मुलाकात कर नए मंत्रियों की सूची सौंपी थी।
योगी सरकार का दूसरा कार्यकाल जारी
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार का दूसरा कार्यकाल जारी है। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने 25 मार्च 2022 को शपथ ग्रहण की थी। उस समय दो उपमुख्यमंत्रियों सहित कुल 52 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। इनमें 18 को कैबिनेट मंत्री, 14 को स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री और 20 को राज्यमंत्री बनाया गया था। इसके बाद लोकसभा चुनाव से पहले 5 मार्च 2024 को योगी मंत्रिमंडल का पहला विस्तार किया गया था।
पहले विस्तार में 4 नेताओं को मिली थी जगह
5 मार्च 2024 को हुए पहले कैबिनेट विस्तार में 4 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। इसमें ओम प्रकाश राजभर, अनिल कुमार, सुनील कुमार शर्मा और दारा सिंह चौहान को कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। इसके बाद मंत्रिमंडल में कुल मंत्रियों की संख्या 56 हो गई थी। हालांकि, जितिन प्रसद और अनूप प्रधान वाल्मीकि के सांसद बनने के बाद इस्तीफा देने से यह संख्या घटकर 54 रह गई थी। अब इन्हीं 6 खाली पदों को भरा जा रहा है।योगी कैबिनेट में कुल 60 मंत्री हो सकते हैं। 6 पद खाली थे, जिन्हें आज भरा जाएगा।