मिर्जापुर - उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान सामने आया है। बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री योगी वर्ष 2027 में एक बार फिर सत्ता में वापसी करेंगे और भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे तेज प्रताप
रविवार को तेज प्रताप यादव मिर्जापुर स्थितविंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लिया। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
यूपी की राजनीति पर दिया बड़ा बयान
मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता अभी भी बनी हुई है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से जीत दर्ज कर सकती है। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि योगी आदित्यनाथ “हैट्रिक” लगाएंगे और प्रदेश में दोबारा भाजपा की सरकार बनेगी।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है, क्योंकि तेज प्रताप यादव राष्ट्रीय जनता दल परिवार से आते हैं और विपक्षी राजनीति का हिस्सा माने जाते हैं। ऐसे में भाजपा के पक्ष में दिया गया उनका बयान काफी अहम माना जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी चर्चा
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के बयान को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। भाजपा समर्थकों ने इसे योगी सरकार के कामकाज पर मुहर बताया, जबकि विपक्षी दल इस बयान को व्यक्तिगत राय बता रहे हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं और सभी दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुट गए हैं।