लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लंबे समय से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं पर अब जल्द विराम लग सकता है। सूत्रों के मुताबिक रविवार 10 मई को योगी आदित्यनाथ सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। बताया जा रहा है कि इस विस्तार में छह नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है।
इन नेताओं के नाम चर्चा में सबसे आगे
सूत्रों के अनुसार जिन नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, उनमें कृष्णा पासवान, पूजा पाल, मनोज पांडे, भूपेंद्र चौधरी, अशोक कटारिया और रोमी साहनी शामिल हैं। इन नामों पर अंतिम मुहर लगना बाकी है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इन्हें लगभग तय माना जा रहा है।
यूपी कैबिनेट में अभी 6 पद खाली
उत्तर प्रदेश सरकार में इस समय कुल 54 मंत्री हैं, जबकि संवैधानिक सीमा के अनुसार 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में छह खाली पदों को भरने की तैयारी तेज हो गई है।
चुनाव से पहले साधे जाएंगे सामाजिक समीकरण
माना जा रहा है कि विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश कर रही है। सूत्रों का कहना है कि इस विस्तार में फिलहाल किसी मौजूदा मंत्री को हटाने या बड़े विभागीय फेरबदल की संभावना कम है।
राज्यपाल से मुलाकात करेंगे CM योगी
मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इसी दौरान नए मंत्रियों के नामों और शपथ ग्रहण कार्यक्रम पर चर्चा हो सकती है।
राजनीतिक हलचल हुई तेज
पिछले कई दिनों से यूपी कैबिनेट में फेरबदल और विस्तार की खबरें सामने आ रही थीं। अब संभावित नाम सामने आने के बाद सियासी हलचल और तेज हो गई है।