योगी आदित्यनाथ ने लोगों से प्रधानमंत्री के संदेश को अपनाकर देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग ईंधन की खपत कम करें और बेवजह सोना खरीदने से बचें।
मंत्रियों के काफिलों में 50% कटौती
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिलों में तत्काल 50 प्रतिशत तक वाहनों की संख्या कम की जाए। अनावश्यक गाड़ियों को हटाने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
वर्क फ्रॉम होम को मिलेगा बढ़ावा
सीएम योगी ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा संस्थानों में वर्क फ्रॉम होम कल्चर को बढ़ावा दिया जाए, ताकि ईंधन और संसाधनों की बचत हो सके। औद्योगिक संस्थानों और बड़े स्टार्टअप्स में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने की एडवाइजरी जारी करने की बात कही गई है।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने की सलाह
मुख्यमंत्री ने मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों से सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने की अपील की। साथ ही “नो व्हीकल डे” आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
उन्होंने लोगों से मेट्रो, रोडवेज बस, पीएनजी, कार पूलिंग, साइक्लिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों का ज्यादा इस्तेमाल करने को कहा।
ऑनलाइन बैठकों पर जोर
सरकारी बैठकों, सेमिनार और वर्कशॉप को अधिक से अधिक ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए गए हैं। सचिवालय और निदेशालय स्तर की करीब आधी बैठकों को वर्चुअल मोड में करने की तैयारी है।
बिजली बचाने की भी अपील
सीएम योगी ने कहा कि घरों, सरकारी दफ्तरों और निजी संस्थानों में अनावश्यक बिजली का उपयोग न किया जाए। उन्होंने रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों के कम इस्तेमाल पर भी जोर दिया।