लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव के बढ़ते असर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सभी जिलाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें और लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
अस्पतालों और बिजली व्यवस्था पर विशेष नजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी अस्पतालों, पेयजल व्यवस्था और बिजली आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्मी के इस दौर में लोगों को राहत देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी जिले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और फील्ड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जाए।
हीट स्ट्रोक मरीजों के इलाज के पूरे इंतजाम
सीएम योगी ने सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में जरूरी दवाइयां, बेड, ORS और आपात सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से कहा कि हीटवेव से प्रभावित मरीजों को तुरंत इलाज मिले और किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो।
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग लू और तेज धूप से बचाव के लिए सतर्क रहें। उन्होंने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। सीएम ने कहा कि दोपहर के समय बेवजह बाहर निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।
सूती और ढीले कपड़े पहनने की सलाह
मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के दिनों में सूती या खादी के ढीले कपड़े पहनना ज्यादा फायदेमंद रहेगा। साथ ही ऐसी किसी भी लापरवाही से बचने को कहा, जिससे आग लगने की आशंका हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों को थकावट, निर्जलीकरण और लू से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं।
नौतपा को लेकर बढ़ी चिंता
उत्तर प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। इसी बीच 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है, जिससे गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।