प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। जहां एक ओर सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस अपने दावे पेश कर सत्ता में आने की जद्दोजहद कर रही है वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी आगामी चुनाव में विजय प्राप्त करने के लिए अपना पूरा विश्वास जताते हुए नजर आ रही है।
भाजपा की नीतियों को चुना
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि प्रदेश की जनता लंबे समय तक टिकने वाली स्थाई सरकार और अच्छी योजनाओं का शिलान्यास करने वाली सरकार को अपनाना चाहती है। उन्होंने बताया कि जनता ने अब तक भाजपा को तमाम नीतियों और लाभकारी योजनाओं के आधार पर चुना है और पार्टी ने जनता का विश्वास जीतते हुए लगातार विजय हासिल की है।
प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा और कहा कि कांग्रेस के नेताओं के बीच समन्वय की कमी है और उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि लगातार हर चुनाव में भाजपा की जीत होती आई है और इसी कारण आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भी भाजपा का विजय ध्वज लहराएगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेश में सत्ता की स्थिति और आगामी चुनावों की रणनीति अब मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के आपसी संघर्ष पर निर्भर करेगी। जनता की नजर विकास स्थिरता और लाभकारी योजनाओं पर बनी हुई है।
Comments (0)