पटना। पटना में ‘मां सीता महिला विश्वविद्यालय’ की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार, 23 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही पदाधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन आदि के लिए प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की गई।सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल 24 एजेंडों पर मुहर लगी। कैबिनेट के फैसलों में शिक्षा, डेयरी विकास, पशुपालन और उद्योग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।
पशुपालकों को गो-धन योजना में ब्याज पर 100% सब्सिडी
कैबिनेट ने मुख्यमंत्री गो-धन विकास ऋण योजना में भी बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत पशुपालकों को बैंक ऋण के ब्याज पर 100 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी। यानी लाभुकों को केवल ऋण की मूलधन राशि का भुगतान करना होगा।
योजना के तहत तीन उन्नत नस्ल की गाय या दो भैंस के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने का लक्ष्य है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ाने और पशुपालकों की आय में वृद्धि करने की बात कही गई है। योजना के लिए 1,600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।
कोसी क्षेत्र में डेयरी विकास की 8 परियोजनाओं को मंजूरी
कोसी क्षेत्र में डेयरी विकास को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने 8 परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इसके तहत 500 नई दुग्ध सहकारी समितियों के साथ डेयरी, मिल्क चिलिंग और BMCU जैसी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।इन परियोजनाओं के लिए सरकार ने 126.07 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
बेगूसराय में राष्ट्रकवि दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय
कैबिनेट बैठक में बेगूसराय के लिए भी बड़ा निर्णय लिया गया। जिले में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है।दिनकर की जयंती के अवसर पर विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन आदि के लिए 15 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति का प्रावधान किया गया है।
नवादा के वारिसलीगंज में नई चीनी मिल को मंजूरी
नवादा जिले के वारिसलीगंज में नई चीनी मिल की स्थापना को भी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित परियोजना से 500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होने की बात कही गई है।इस परियोजना से नवादा के साथ-साथ नालंदा, शेखपुरा और जमुई के हजारों किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट के फैसलों से शिक्षा और कृषि क्षेत्र पर फोकस
बिहार कैबिनेट के इन फैसलों में एक ओर पटना और बेगूसराय में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना को मंजूरी दी गई है, वहीं दूसरी ओर पशुपालन, डेयरी और चीनी उद्योग से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिली है। 24 एजेंडों पर हुए फैसलों के बाद इन योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।