नई दिल्ली। दातागंज से भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह 'बब्बू भैया' ने नई दिल्ली में भाजपा के तीन वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीएल संतोष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से भेंट की। इन मुलाकातों को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बब्बू भैया ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से की मुलाकात
दिल्ली दौरे के दौरान विधायक राजीव कुमार सिंह ने सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से भी उनके आवास पर मुलाकात की।दीपावली के अवसर पर हुई इस भेंट में विधायक ने उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
राजनाथ सिंह से उनके आवास पर की मुलाकात
विधायक राजीव कुमार सिंह 'बब्बू भैया' ने केंद्रीय रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के दौरान बदायूं और बरेली मंडल की राजनीतिक परिस्थितियों के साथ क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
बीएल संतोष से संगठन और विकास पर चर्चा
विधायक बब्बू भैया ने बीएल संतोष से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उनका हालचाल जाना और आशीर्वाद लिया।मुलाकात में संगठन को मजबूत करने, जनहित और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर बातचीत हुई। विधायक के मुताबिक, बीएल संतोष ने संगठन और क्षेत्र के विकास से संबंधित मुद्दों पर मार्गदर्शन दिया।
विधायक बब्बू भैया की एक ही दौरे में भाजपा के तीन वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद बदायूं जिले के राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं।आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए इन मुलाकातों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।