गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा से बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके विधायक पुत्र प्रतीक भूषण सिंह को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी भरे फोन के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विधायक प्रतीक भूषण के मोबाइल पर आया धमकी भरा कॉल
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले राजस्थान से एक फोन कॉल आया था। यह कॉल पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और गोंडा सदर से विधायक प्रतीक भूषण सिंह के मोबाइल नंबर पर किया गया। फोन करने वाले शख्स ने कथित तौर पर कहा, "बाप-बेटे को मारने का इंतजाम हो चुका है, अगर खुद को बचा सकते हो तो बचा लो।" इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
राजस्थान के अलवर से जुड़े शख्स पर आरोप
मामले में विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह ने नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फोन करने वाला व्यक्ति राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला संदीप शर्मा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
तहरीर मिलने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और विधायक प्रतीक भूषण सिंह को मिली धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फोन करने वाले का उद्देश्य क्या था और उसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है।