उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को फिरोजाबाद जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार भी करेंगे। टूंडला क्षेत्र के उसायनी गांव में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
658 करोड़ की 81 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
इसके अलावा प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का इंतजार कर रहे 568 लाभार्थियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री उन्हें आवासों की चाबी सौंपकर गृह प्रवेश कराएंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। रविवार शाम आगरा मंडलायुक्त ने डीएम और एसएसपी के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। भाजपा कार्यकर्ता भी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे रहे।
33 परियोजनाओं का लोकार्पण और 48 का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11:20 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे और करीब एक घंटे तक वहां मौजूद रहेंगे। केंद्र सरकार द्वारा शहरी बेघर लोगों के लिए उसायनी में आवासीय कॉलोनी का निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद लोकार्पण नहीं होने से लाभार्थियों को मकानों का कब्जा नहीं मिल पाया था। मुख्यमंत्री अब उन्हें आवास की चाबियां सौंपेंगे।
इसके साथ ही शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 22 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। वहीं टूंडला क्षेत्र में 14 परियोजनाओं का लोकार्पण और 26 परियोजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री 33 परियोजनाओं का उद्घाटन और 48 परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
20 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य
रविवार शाम आगरा मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। वहीं एटा रोड स्थित कैंप कार्यालय में भाजपा नेताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। जनसभा में करीब 20 हजार लोगों की मौजूदगी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।