हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जून को हाथरस दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की पुष्टि जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की है। प्रशासन और पुलिस ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सलेमपुर में हो सकती है जनसभा
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि मुख्यमंत्री का विस्तृत कार्यक्रम एक-दो दिन में प्राप्त होने की उम्मीद है। फिलहाल प्रशासन जनसभा के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश कर रहा है। सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र को संभावित जनसभा स्थल के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं। प्रशासन ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी संकलित कर बुकलेट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
शुक्रवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, हेलीपैड, वीआईपी मूवमेंट और आम जनता के बैठने की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय घेरा तैयार किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथरस आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी संगठन कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियों में जुट गया है। अब सभी की नजर मुख्यमंत्री के विस्तृत कार्यक्रम पर टिकी है, जिसके जारी होने के बाद प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।