महोबा - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोबा दौरे के दौरान बुंदेलखंड के विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया। 697 करोड़ रुपये से अधिक की 88 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने माफिया राज को समाप्त कर क्षेत्र को विकास की नई दिशा दी है।
आज क्षेत्र में विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कभी भू-माफिया और खनिज माफिया के कारण बदनाम रहा बुंदेलखंड आज एक्सप्रेसवे, सिंचाई परियोजनाओं और निवेश के जरिए नई पहचान बना रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने "माफिया को मिट्टी में मिलाने" का संकल्प लिया था और उसी का परिणाम है कि आज क्षेत्र में बड़े स्तर पर विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं।
विकास कार्यों और विपक्ष पर साधा निशाना
सीएम योगी ने जल संरक्षण, बेहतर कनेक्टिविटी और रक्षा क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि बुंदेलखंड तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने महोबा और चरखारी में जल संरक्षण परियोजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों से क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नकारात्मक सोच रखने वाले लोग विकास और सकारात्मक बदलाव को स्वीकार नहीं कर पाते। उनके अनुसार, प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ विकास परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दी है, जिससे बुंदेलखंड में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।
बुंदेलखंड का तेजी से विकसित हो रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे, सिंचाई सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विस्तार ने क्षेत्र के विकास को नई गति दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों मे बुंदेलखंड देश के तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में शामिल होगा।