उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या और गोंडा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री अयोध्या में रामायण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करने के साथ-साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
रुदौली में कामाख्या मंदिर के दर्शन और झलकारी बाई प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री का दौरा सुबह रुदौली विधानसभा क्षेत्र से शुरू होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 10:35 बजे रुदौली पहुंचेंगे, जहां कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और उनके योगदान को नमन करेंगे।
गोंडा में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा
रुदौली के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:05 बजे गोंडा के लिए रवाना होंगे और करीब 12:25 बजे गोंडा पहुंचेंगे। यहां वह लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यों की समीक्षा करेंगे। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे और अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश देंगे। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए जाएंगे।
अयोध्या में रामलला और हनुमानगढ़ी के करेंगे दर्शन
गोंडा में समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे अयोध्या के लिए रवाना होंगे। वह 2:55 बजे राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे और इसके बाद हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। हनुमानगढ़ी के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचकर रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह अयोध्या के विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
जैन मंदिर और पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऋषभदेव दिगंबर जैन मंदिर भी जाएंगे और वहां आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके अलावा भगवान मुनिसुव्रतनाथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में सहभागिता करेंगे।
रामायण वैक्स म्यूजियम का करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री शाम 5:10 बजे रामायण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। यह म्यूजियम रामायण काल से जुड़े पात्रों, प्रसंगों और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित करेगा। इसके साथ ही कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।
संत समाज का मिलेगा सान्निध्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूज्य महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
एक्स पर साझा किया कार्यक्रम का उद्देश्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर लिखा कि अयोध्या धाम की पावन धरती पर आस्था, संस्कृति, संत परंपरा और विकास के विविध आयाम एक साथ साकार रूप में दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई की गौरवगाथा को नमन करते हुए उनकी प्रतिमा का अनावरण करेंगे। साथ ही धार्मिक आयोजनों में सहभागिता और विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के माध्यम से "विरासत और विकास" के संकल्प को नई अभिव्यक्ति मिलेगी।