लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं से भर गई, जिससे अंदर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए कई छात्रों ने ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिसके कारण वे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
आग लगते ही मची अफरा-तफरी, छात्रों ने लगाई छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोचिंग सेंटर की बिल्डिंग से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। अंदर फंसे छात्रों में दहशत फैल गई। कई छात्र जान बचाने के लिए खिड़कियों और ऊपरी मंजिलों से नीचे कूद गए, जिससे कई लोग घायल हो गए।
चार छात्र ट्रॉमा सेंटर पहुंचाए गए
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। साथ ही इमारत में फंसे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार चार छात्रों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। कुछ अन्य छात्रों के भी घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
राहत-बचाव अभियान लगातार जारी
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अभी भी कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।
चश्मदीदों ने सुनाई भयावह घटना
स्थानीय निवासी अमन ने बताया कि इमारत में लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान संचालित होता है। जब वे मौके पर पहुंचे तो बिल्डिंग से घना धुआं निकल रहा था। उन्होंने अन्य लोगों की मदद से पांच से छह लोगों को बाहर निकाला। अमन के मुताबिक आग लगने के बाद एक व्यक्ति इमारत से नीचे कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन ने कहा है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने और सभी लोगों के सुरक्षित बाहर आने के बाद ही नुकसान और हताहतों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।