लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक जाम से राहत देने और यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एक बड़ी योजना पर काम तेज हो गया है। शहीद पथ के ऊपर करीब 22 से 23 किलोमीटर लंबा फोर लेन एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस परियोजना से अमौसी एयरपोर्ट से कमता चौराहा तक सिग्नल फ्री कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सकेगी।
राजनाथ सिंह ने नितिन गडकरी को भेजा प्रस्ताव
जानकारी के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भेजा है। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। यह एलिवेटेड रोड अमौसी एयरपोर्ट से शुरू होकर शहीद पथ के ऊपर से गुजरते हुए कमता चौराहा तक पहुंचेगा। परियोजना के पूरा होने के बाद राजधानी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच आवागमन काफी आसान हो जाएगा।
इस परियोजना से ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
विशेषज्ञों के अनुसार, इस परियोजना से प्रतिदिन लाखों यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। अनुमान है कि करीब 10 लाख लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी तेज और सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा। अगर यह योजना मंजूरी के बाद धरातल पर उतरती है, तो लखनऊ की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और राजधानी को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में एक नई पहचान मिलेगी।