लखनऊ - यूपी के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने आज बड़ा दावा कर दिया है। इस दावे से राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है। ओपी राजभर ने कहा कि, पश्चिम बंगाल में टीएमसी और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना में टूट के बाद अब यूपी की प्रमुख विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा) में भी टूट हो सकती है।
समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि, समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है। राजभर ने आगे कहा कि खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है। महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है।
रामगोपाल ने अमित शाह को लिखा गोपनीय पत्र
सोशल मीडिया साइट एक्स हैंडल पर पोस्ट के बाद मंत्री ओपी राजभर के बयान का एक वीडियो भी इंटरनेट पर सामने आया है। इनमें मंत्री ओपी राजभर ने दावा किया कि, सपा के सीनियर नेता राम गोपाल यादव ने अमित शाह को एक गोपनीय पत्र दिया है। राम गोपाल पत्र देने के बाद मुस्कराते हुए चले गए। जो बंगाल मेंTMC का हुआ, महाराष्ट्र में उद्धव का हश्र हुआ वो अब यूपी में सपा का होगा।
सपा से टूटने वाले सांसद बीजेपी के साथ जा सकते हैं
यूपी के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अपने इस बयान में आगे कहा कि, संभवतः राम गोपाल ने पत्र में उन सांसदों के नाम दिए होंगे, जो टूट सकते हैं। सपा के बड़ी संख्या में सांसद टूटने जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि, सपा से टूटने वाले सांसद बीजेपी के साथ जा सकते हैं।
जाति व्यवस्था में सबसे विद्वान ब्राह्मण होता है
समाजवादी पार्टी के ब्राह्मण सम्मेलन को लेकर ओपी राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि जाति व्यवस्था में सबसे विद्वान ब्राह्मण होता है। अब ब्राह्मण को अखिलेश यादव समझाने के लिए काम कर रहे हैं। इटावा में कथावाचक विवाद में अखिलेश यादव ने कहा था यादव भी कथा कह सकता है। ओपी राजभर ने कहा कि सपा के ब्राह्मण सभा में सिर्फ यादव ही यादव दिखेंगे। जैसे बसपा की बैठक में जेएनयू पहन कर कैडर के नेता बैठते थे, वैसे ही सपा यादवों को ब्राह्मण सम्मेलन में बैठाएगी।
टीएमसी और उद्धव की शिवसेना में हुई टूट
आपको बता दें कि, अभी हाल में ही पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी में बड़ी टूट हुई। इसके बाद अब महाराष्ट्र में उद्धवठाकरे की शिवसेना के छह सांसदों ने बगावत कर दी है। वहीं सूत्रों के मुताबिक, उद्धव के बागी सांसदों ने स्पीकर से मुलाकात कर हस्ताक्षरयुक्त पत्र भी सौंपा है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।