झांसी - उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया दी।बीजेपी नेता मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि चंपत राय आदरणीय, पूज्यनीय और रामकाज के लिए पूरी तरह समर्पित रामभक्त हैं।
जांच जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई
झांसी दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आरोप लगना और उनका साबित होना अलग-अलग बातें हैं। मामले की जांच चल रही है और यदि किसी कर्मचारी या व्यक्ति की गलती सामने आती है तो उसे कानून के अनुसार सजा अवश्य मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चंपत राय को लेकर उठे सवालों पर जवाब
आपको बता दें कि, हाल ही में मुख्यमंत्री योगी के अयोध्या कार्यक्रम में चंपत राय की जगह उनके प्रतिनिधि के शामिल होने की खबरों को कुछ लोग जांच से जोड़कर देख रहे थे। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि जांच अपनी प्रक्रिया से चल रही है और तथ्यों के आधार पर निर्णय होगा। सीएम ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहाकि, जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई वो हमें उपदेश न दें, SIT गठित हुई है... दूध का दूध पानी का पानी होगा।
एसटी हसन के बयान पर भी प्रतिक्रिया
पूर्व सांसद एस. टी. हसन के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के पूर्वज एक ही सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहे हैं। "हम भगवान राम को आराध्य मानते हैं और कुछ लोग उन्हें अपने पूर्वज के रूप में देखते हैं," उन्होंने कहा।
अखिलेश यादव की टिप्पणियों पर नाराजगी
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव द्वारा राम मंदिर को लेकर दिए जा रहे बयानों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अयोध्या करोड़ों रामभक्तों की आस्था का केंद्र है और इस विषय पर अनावश्यक राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए। मौर्य ने कहा कि राम मंदिर देश की श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है। इसलिए किसी भी आरोप की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन बिना तथ्य सामने आए किसी व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाना भी उचित नहीं है।