उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शादी के कुछ ही घंटे बाद नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार को शादी के बाद रात करीब 11 बजे तक घर में जश्न का माहौल था। दूल्हा-दुल्हन ने रिश्तेदारों के साथ डीजे पर डांस भी किया था। लेकिन मंगलवार सुबह दोनों के शव मिलने से पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। दूल्हे का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि दुल्हन फर्श पर मृत पड़ी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मई 2027 में होनी थी शादी, अचानक लिया गया फैसला
मामला सिद्धार्थनगर के देशराज जनियाजोत गांव और अनीता के कड़जहवा गांव से जुड़ा है। दोनों गांवों के बीच करीब 15 किलोमीटर की दूरी बताई जा रही है। करीब तीन महीने पहले दोनों परिवारों की सहमति से देशराज और अनीता का रिश्ता तय हुआ था। दोनों की शादी मई 2027 में कराने की तैयारी थी। जुलाई में दोनों की सगाई भी हो चुकी थी। देशराज दिल्ली में पानीपुरी की दुकान पर काम करता था। इसी दौरान वह फोन पर अनीता से लगातार बातचीत करता था। करीब 15 दिन पहले देशराज दिल्ली से अपने गांव लौटा था। इसी बीच अनीता भी अचानक उसके घर पहुंच गई। इसके बाद दोनों परिवारों ने तय तारीख का इंतजार करने के बजाय तत्काल शादी करने का फैसला लिया। सोमवार को दोनों की शादी कर दी गई।
टेकधर बाबा मंदिर में लिए सात फेरे
सोमवार 21 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे देशराज और अनीता ने बांसी के टेकधर बाबा मंदिर में शादी की। दोनों ने मंदिर में सात फेरे लिए और परिवार के लोगों की मौजूदगी में विवाह की रस्में पूरी हुईं। शादी के बाद देशराज अपनी नई-नवेली पत्नी अनीता को लेकर अपने घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद रिश्तेदारों और पट्टीदारों के लिए बहुभोज का आयोजन किया गया। शादी में शामिल परिवार और रिश्तेदार देर रात तक जश्न मनाते रहे। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे तक घर में खुशी का माहौल था। दूल्हा-दुल्हन ने भी डीजे पर डांस किया। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटों बाद इसी घर में मातम पसरने वाला है।
सुबह कमरे में मिले दोनों के शव
रात में जश्न खत्म होने के बाद परिवार के लोग सोने चले गए। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे देशराज की मौसी मीनाक्षी अनीता को जगाने के लिए कमरे के बाहर पहुंचीं। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलने पर अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में अनीता फर्श पर मृत पड़ी थी, जबकि देशराज का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था। मीनाक्षी ने शोर मचाकर परिवार के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और देशराज के शव को फंदे से नीचे उतारा।
एक रात में खुशियों से मातम में बदला परिवार
शादी के कुछ ही घंटों बाद दोनों की मौत की खबर फैलते ही गांव में भी सनसनी फैल गई। जिस घर में रात तक शादी के गीत और डीजे की आवाज सुनाई दे रही थी, वहां सुबह चीख-पुकार मच गई। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की भीड़ घर के बाहर जमा हो गई। परिजनों के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि शादी के कुछ घंटों बाद ही दोनों की जान चली गई। रात करीब 11 बजे तक दोनों को सामान्य स्थिति में देखा गया था। इसके बाद कमरे के अंदर क्या हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस को पति-पत्नी के बीच विवाद की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि रात में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ होगा। इसके बाद पति ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या करने के बाद खुदकुशी की होगी। हालांकि पुलिस ने इस आशंका की अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले तथ्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। इसलिए फिलहाल किसी एक संभावना को अंतिम निष्कर्ष मानकर जांच आगे नहीं बढ़ाई जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
देशराज के पिता मुकेश चौहान दिल्ली में सब्जी बेचते हैं, जबकि उनकी मां का नाम ममता है। देशराज का एक छोटा भाई अरुण और छोटी बहन कुच्ची है। परिवार दो मंजिला मकान में रहता है। वहीं अनीता के पिता पंचराम खेती-किसानी करते हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। सीओ शिवेंदु सिंह के मुताबिक, शादी के बाद पति-पत्नी के शव मिले हैं। जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की स्थिति और कारण को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।