अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को उत्तरप्रदेश में विशेष योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राज्यपाल, मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, विधान परिषद के सभापति समेत सरकार के सभी मंत्रियों ने अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर योगाभ्यास किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह झांसी के किला मैदान में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और आमजन के साथ विभिन्न योगासन किए।
राज्यपाल ने जनभवन में किया योगाभ्यास
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनभवन में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें एक हजार से अधिक महिलाओं ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। महिला योग सत्र के दौरान पुरुषों के प्रवेश पर रोक रही, जबकि पुरुषों के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी।
सभी जिलों में आयोजित हुए योग कार्यक्रम
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के संगम नोज त्रिवेणी स्थल पर सुबह सात बजे आयोजित कार्यक्रम में आम लोगों के साथ योग किया। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सुबह छह बजे लखनऊ के रेजिडेंसी पार्क पहुंचे और योगाभ्यास में हिस्सा लिया। प्रदेश के सभी जिलों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।