उत्तरप्रदेश में मानसून का इंतजार अभी और लंबा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मानसून की एंट्री 22 या 23 जून के आसपास सोनभद्र जिले के रास्ते होने की संभावना है। हालांकि इस बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार बने हुए हैं, लेकिन अधिकांश जिलों में गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक आज, कल और 22 जून को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है।
इन जिलों में रहेगा गर्मी का असर
मथुरा, आगरा, हाथरस, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, कन्नौज, इटावा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। प्रयागराज में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
45 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
आगरा, झांसी, कानपुर, प्रयागराज और बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में भी गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। शाम के समय कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना भी जताई गई है।
पश्चिमी यूपी में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने 19 जून से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू चलने की चेतावनी जारी की है। अगले चार दिनों तक गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों की राय
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी है, जिसकी वजह से उत्तर प्रदेश में इसकी एंट्री में देरी हो रही है। प्रदेश में मानसून 22 या 23 जून के आसपास सोनभद्र से प्रवेश कर सकता है। उन्होंने बताया कि अल-नीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष मानसून की स्थिति कमजोर रह सकती है।