उत्तर प्रदेश में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन तथा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ाकर 24 जून तक कर दी गई है। इसके साथ ही प्रदेश के लाखों छात्रों और अभिभावकों को गर्मी से राहत मिली है।
अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब प्रत्येक वर्ष प्रदेश के इन विद्यालयों में 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। अवकाश समाप्त होने के बाद 25 जून से सभी विद्यालयों में नियमित रूप से पठन-पाठन का कार्य शुरू होगा।
कानून-व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी पर्व-त्योहारों, नीट परीक्षा तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी जिलों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मोहर्रम को लेकर सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने मोहर्रम के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम मातम और श्रद्धा का अवसर है, इसलिए इसे शक्ति प्रदर्शन का माध्यम न बनने दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही नई परंपराओं की शुरुआत पर भी रोक रहेगी। प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कानफोड़ू डीजे, अत्यधिक ध्वनि वाले साउंड सिस्टम और ढोल-ताशों का अनियंत्रित प्रयोग न हो। ताजियों की ऊंचाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की संभावना न बने।
नीट अभ्यर्थियों को बस किराये में मिलेगी 50 प्रतिशत छूट
मुख्यमंत्री ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराये में 50 प्रतिशत की छूट दी जाए।
इसके अलावा अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। यदि आवश्यकता हो तो दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए अस्थायी आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी व्यवस्था की जाए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों पर जोर
मुख्यमंत्री ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य और व्यापक रूप से मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में स्थित अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक स्थलों तथा सांस्कृतिक महत्व के स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि 20 जून को नगर विकास, ग्राम्य विकास, पंचायती राज विभाग और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के सहयोग से इन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए, ताकि योग दिवस कार्यक्रम स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
जन शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध और प्रभावी ढंग से किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और अधिकारियों को इस दिशा में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।