लखनऊ। उत्तरप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 32 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
यूपी के 32 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट
रविवार को जालौन 41 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जबकि महाराजगंज में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय कई जिलों में हल्की धूप रही, जबकि कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही देखी गई। उमस के कारण गर्मी का असर अधिक महसूस किया गया।
हरियाणा के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण प्रदेश में प्री-मानसून बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि 17 से 20 जून के बीच मानसून यूपी में सोनभद्र और ललितपुर के रास्ते प्रवेश कर सकता है। फिलहाल मानसून बिहार तक पहुंच चुका है।
अगले 4 दिन का मौसम पूर्वानुमान
16 जून को पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और नमी के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
17 जून को मौसम साफ रहने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
18 जून को प्रदेश में फिर बादलों की आवाजाही रहेगी और कुछ जिलों में बारिश हो सकती है।
19 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।