उत्तरप्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने झांसी, ललितपुर, महोबा समेत प्रदेश के 8 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि
सोमवार को बदायूं में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज आंधी के दौरान एक बड़ा पेड़ चलते ऑटो पर गिर गया, जिसमें 23 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक घायल हो गया।
मथुरा में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई, वहीं हाथरस, आगरा और एटा में काले बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं। गाजियाबाद, अलीगढ़ और मेरठ में भी तेज आंधी और बारिश ने मौसम को बदल दिया।
कई जगह 60 किमी प्रति घंटे तक चली हवाएं
प्रदेश के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
17 से 20 जून के बीच मानसून की एंट्री संभव
हरियाणा के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ गई हैं। उन्होंने बताया कि 17 से 20 जून के बीच मानसून उत्तर प्रदेश में सोनभद्र और ललितपुर के रास्ते प्रवेश कर सकता है। फिलहाल मानसून बिहार तक पहुंच चुका है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रह सकता है।