लखनऊ। उत्तरप्रदेश में फिलहाल भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक लू का असर बना रह सकता है। अभी मानसून के पहुंचने की संभावना कमजोर नजर आ रही है, हालांकि 25 जून तक इसके आगमन के संकेत मिल रहे हैं। अधिकांश जिलों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और शनिवार को भी तापमान में आंशिक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। अगले एक सप्ताह तक व्यापक बारिश की संभावना नहीं है।
पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में लू का अधिक असर
आगामी एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में सीमित और छिटपुट मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। विशेष रूप से पूर्वी, मध्यवर्ती और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में उष्ण लहर (लू) का प्रभाव बना रहने की संभावना है। अगले दो दिनों में तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है। कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गई है।
बांदा रहा देश का सबसे गर्म शहर
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को उत्तर प्रदेश का बांदा जिला देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 43.6 डिग्री और वाराणसी में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ समेत कई शहरों में बढ़ा तापमान
राजधानी लखनऊ में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां एक दिन पहले 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज तापमान बढ़कर 41.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
25 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल मानसून की सक्रियता उत्तर प्रदेश में कमजोर बनी हुई है, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 25 जून तक मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है। तब तक लोगों को भीषण गर्मी और लू से जूझना पड़ सकता है।