लखनऊ। विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन को लेकर प्रदेशवासियों को भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज समाज में ऐसे हालात बन रहे हैं जहां घर सूने होते जा रहे हैं और वृद्धाश्रमों की संख्या बढ़ रही है। यह स्थिति चिंताजनक है और हर संवेदनशील नागरिक को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वृद्धजनों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की भी जानकारी दी।
'घर सूने हो रहे हैं, वृद्धाश्रम बढ़ रहे हैं' : CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों का भविष्य संवारने के लिए जीवनभर संघर्ष करते हैं, लेकिन उम्र के अंतिम पड़ाव में कई बार उन्हें अकेलेपन का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और रोजगार के कारण युवा घरों से दूर रह रहे हैं, जिससे बुजुर्गों को परिवार का साथ नहीं मिल पाता। ऐसे समय में उन्हें सबसे अधिक अपनत्व, सम्मान और भावनात्मक सहयोग की आवश्यकता होती है।
सनातन संस्कृति में माता-पिता को ईश्वर का दर्जा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और भगवान श्रीराम की कथाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता और गुरु को साक्षात ईश्वर माना गया है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश ने माता-पिता की परिक्रमा कर यह संदेश दिया था कि उनके चरणों में ही समस्त लोकों और तीर्थों का वास है। वहीं भगवान श्रीराम ने माता-पिता के सम्मान के लिए 14 वर्षों का वनवास स्वीकार कर आदर्श स्थापित किया।
बुजुर्गों का सम्मान हमारी सभ्यता की पहचान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन परंपरा में बड़ों का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेने की परंपरा रही है। बुजुर्ग केवल परिवार के सदस्य नहीं, बल्कि अनुभव, संस्कृति और जीवन मूल्यों की जीवंत धरोहर होते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान करना केवल संस्कार नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता और संस्कृति की पहचान है। समाज को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बुजुर्ग स्वयं को अकेला या उपेक्षित महसूस न करें।
वृद्धजनों को ₹1500 मासिक पेंशन देने का निर्णय
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने वृद्धजनों और निराश्रित महिलाओं के सम्मानजनक जीवन के लिए ₹1500 प्रति माह पेंशन देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से जोड़ा जाएगा ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। सरकार उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ भी उपलब्ध कराएगी।
योग अपनाने की दी सलाह, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों से अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' है। यह केवल एक थीम नहीं बल्कि बुजुर्गों के सम्मान, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के लिए वैश्विक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने सभी वरिष्ठ नागरिकों से नियमित योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।