गाजियाबाद- गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में 500 से ज्यादा झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं और पूरा इलाका धुएं और लपटों से भर गया। इस हादसे ने सैकड़ों परिवारों को पलभर में बेघर कर दिया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सिलेंडर धमाकों से बढ़ा खौफ
आग लगने के बाद झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे लगातार धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं। इन विस्फोटों ने आग को और भड़काया और लोगों में दहशत फैला दी। आसपास के लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे, वहीं कुछ लोग अपने सामान को बचाने की कोशिश करते नजर आए।
दमकल की कई टीमें मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया है। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में जुटे हैं, लेकिन आग के बड़े दायरे में फैलने के कारण इसे नियंत्रित करने में काफी समय लगने की आशंका है।
सैकड़ों परिवार बेघर, भारी नुकसान
इस भीषण अग्निकांड में सैकड़ों परिवारों का आशियाना उजड़ गया है। लोगों के पास खाने-पीने से लेकर रहने तक की कोई व्यवस्था नहीं बची है। प्रशासन अब नुकसान का आकलन करने और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की तैयारी में जुटा है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या सिलिंडर लीक जैसी आशंकाएं जताई जा रही हैं, लेकिन स्पष्ट कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।