राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा असर उदयपुर संभाग में देखने को मिला, जहां कुछ इलाकों में करीब 2 इंच तक बारिश हुई। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर शहर और आसपास के इलाकों में करीब एक महीने बाद हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर 16 सितंबर तक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में जारी रह सकता है। दूसरी ओर, पश्चिमी जिलों में अगले सप्ताह के आखिर से मानसून की विदाई का चरण शुरू होने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान में बारिश के साथ बढ़ी गर्मी, 40 डिग्री पार पहुंचा तापमान
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में मानसून कमजोर रहने के बीच अब पश्चिमी हवाएं तेज हो रही हैं। जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में इसके असर से गर्मी बढ़ने लगी है। शनिवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और बाड़मेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी प्रदेश में एक तरफ बारिश का दौर चल रहा है, तो दूसरी तरफ पश्चिमी जिलों में गर्मी फिर अपना असर दिखा रही है।
चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा बारिश, कई जिलों में एक इंच तक पानी
पिछले 24 घंटे के दौरान चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में 46 मिलीमीटर यानी करीब 2 इंच बारिश दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही। इसके अलावा बांसवाड़ा, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर, जयपुर, राजसमंद, सीकर, नागौर, पाली, कोटा, डूंगरपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, बारां और अजमेर समेत कई जिलों में भी करीब एक इंच तक बारिश दर्ज की गई।
जोधपुर में महीनेभर बाद बरसे बादल, मानसून अभी भी कमजोर
पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर जिलों में अगस्त और सितंबर की शुरुआत में बारिश काफी कम रही है। कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। 11 सितंबर से मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद बारिश की उम्मीद बढ़ी है। शनिवार शाम जोधपुर शहर में भी हल्की बारिश हुई। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, शास्त्री नगर और प्रताप नगर समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। शहर में करीब एक महीने बाद बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली। शनिवार को जोधपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
अगले 2-3 दिन राजस्थान में कैसा रहेगा मानसून?
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, राजगढ़ और बैतूल से होते हुए लो-प्रेशर सिस्टम के जरिए दक्षिणी छत्तीसगढ़, गोपालपुर और फिर बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में लो-प्रेशर सिस्टम सक्रिय है, जो पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान में अगले 2 से 3 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में सामान्य से 26 फीसदी कम बारिश
इस मानसून सीजन में राजस्थान में बारिश का आंकड़ा अभी सामान्य से नीचे है। 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 410.1 MM बारिश सामान्य मानी जाती है, जबकि इस सीजन में अब तक करीब 304.9 MM बारिश हुई है। इस तरह राज्य में अब तक बारिश सामान्य से 26 फीसदी कम रही है।
जयपुर से सीकर तक, प्रमुख शहरों में ऐसा रहा मौसम
जयपुर में बारिश के बाद 2 डिग्री गिरा तापमान
राजधानी जयपुर में शनिवार को भी कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। शास्त्री नगर, बनीपार्क, विद्याधर नगर, अजमेरी गेट और जेएलएन मार्ग समेत कई जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। बारिश और हवा के कारण तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट आई। जयपुर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अलवर में सुबह बादल, दोपहर में निकली तेज धूप
अलवर में शनिवार सुबह कई इलाकों में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप निकल आई। दिनभर मौसम सामान्य रहा और अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में यहां बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
कोटा में रुक-रुककर बारिश, गर्मी-उमस से राहत
कोटा में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। शाम 5:30 बजे तक 2.2 MM बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 31.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा।
अजमेर में अचानक बदला मौसम, दोपहर में हुई तेज बारिश
अजमेर में सुबह धूप और उमस के बाद दोपहर में अचानक मौसम बदला। आसमान में बादल छाने के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। शाम 5:30 बजे तक 5.2 MM बारिश दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
उदयपुर में बारिश से मिली उमस से राहत
उदयपुर में शनिवार दोपहर बाद मौसम बदला और बारिश हुई। शहर में हल्की बारिश के अलावा खेरवाड़ा में तेज हवा के साथ पानी बरसा। कानोड़ और वल्लभनगर में भी लंबे इंतजार के बाद बारिश हुई। उदयपुर में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सीकर में 25 मिनट तेज बारिश, दो दिन और बारिश के आसार
सीकर में शनिवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। करीब 25 मिनट तक हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। सीकर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार यहां अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
राजस्थान में अब मानसून की विदाई की भी आहट
राजस्थान में जहां दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है, वहीं पश्चिमी जिलों में मानसून की विदाई के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह के आखिर से पश्चिमी राजस्थान में मानसून विदाई के चरण में प्रवेश कर सकता है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन प्रदेश में मानसून के अंतिम सक्रिय दौर के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेंगे।