समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की पुलिस और थाने भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं।
'पुलिस भाजपा के इशारे पर काम कर रही है'
अखिलेश यादव ने कहा, "थाने और पुलिस भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। इस बार भाजपा को न चंदा मिलेगा, न चढ़ावा, न सहयोग और न ही वोट मिलेगा।" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने संविधान, आस्था, सम्मान और श्रद्धा का अपमान किया है।
'रामलला के चढ़ावे पर चर्चा से और सच सामने आएगा'
सपा प्रमुख ने कहा, "उन्होंने संविधान को रौंदा है, आस्था को ठेस पहुंचाई है और सम्मान व श्रद्धा का अपमान किया है। हमें उम्मीद है कि भगवान श्रीराम के चढ़ावे को लेकर जो चर्चा हो रही है, उससे और भी सच्चाई सामने आएगी।" हाल के दिनों में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित मामले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष लगातार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी क्रम में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।