उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने लंबे इंतजार के बाद अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को नई टीम का ऐलान किया, जिसमें संगठन और सरकार के बीच संतुलन साधते हुए अनुभवी नेताओं के साथ कई युवा चेहरों को भी बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, संगठन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कई दौर की चर्चा के बाद तैयार हुई इस सूची को पार्टी के आगामी चुनावी अभियानों और संगठन विस्तार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई कार्यकारिणी में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, 19 मंत्री, 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत विभिन्न मोर्चों और संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। सूची में कई पुराने नेताओं की वापसी हुई है तो कई नए चेहरों को पहली बार बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
19 नेताओं को बनाया गया प्रदेश उपाध्यक्ष
प्रदेश कार्यकारिणी में पूर्व मंत्री सुरेश राणा समेत 19 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें नीरज सिंह का नाम भी शामिल है, जो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र हैं। उनके अलावा प्रियंका रावत, पूजा पाल, डॉ. कृतिका अग्रवाल, देवेश कोरी और मोहित बेनीवाल जैसे नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है।
8 महामंत्रियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा ने संगठन को मजबूत करने के लिए आठ नेताओं को प्रदेश महामंत्री बनाया है। इनमें रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी शामिल हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नियुक्तियों के जरिए भाजपा ने क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की है।
संगठन में युवाओं और नए चेहरों को मौका
प्रदेश मंत्री पद पर कई नए नेताओं को शामिल किया गया है। विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, अंकुर शर्मा, विजय राजभर, राकेश बिंद, राहुल वाल्मीकि, महामेधा नागर और आकांक्षा सोनकर जैसे नेताओं को संगठन में जगह देकर भाजपा ने युवाओं और नए सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का संदेश दिया है।
छह क्षेत्रों को मिले नए क्षेत्रीय अध्यक्ष
प्रदेश संगठन को और मजबूत बनाने के लिए भाजपा ने छह क्षेत्रों के नए क्षेत्रीय अध्यक्ष भी घोषित किए हैं।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव
भाजपा ने संगठन की मीडिया रणनीति को मजबूत करने के लिए दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता बनाया है। वहीं मनीष दीक्षित को प्रदेश मीडिया संयोजक और हिमांशु राज पंडित को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मोर्चों की कमान इन नेताओं को
2027 चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की तैयारी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा की यह नई टीम 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। संगठन में युवा और अनुभवी नेताओं का मिश्रण यह संकेत देता है कि पार्टी बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। नई कार्यकारिणी में सामाजिक, क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन बनाने की कोशिश साफ दिखाई देती है। अब देखना होगा कि यह टीम आगामी चुनावी चुनौतियों में भाजपा को कितना फायदा पहुंचा पाती है।