अयोध्या - अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में जांच तेज हो गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद अयोध्या पुलिस ने शिकायतकर्ता और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पूछताछ नहीं, बल्कि जांच प्रक्रिया के तहत गवाह (विटनेस) के रूप में बयान दर्ज किए गए हैं।
140 लोगों के बयान दर्ज करेगी पुलिस
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इस मामले में करीब 140 लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इनमें ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी, दान की गिनती करने वाले कर्मचारी, चढ़ावे को बैंक तक पहुंचाने वाले लोग, बैंक कर्मी और सुरक्षा गार्ड भी शामिल हैं। पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है।
अनिल मिश्रा और गोपाल राव का बयान बाकी
पुलिस ने चंपत राय का बयान दर्ज कर लिया है, जबकि ट्रस्ट के पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा और ट्रस्ट से जुड़े गोपाल राव के बयान अभी दर्ज नहीं किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में दोनों के भी बयान रिकॉर्ड किए जाएंगे।
नोटिस जारी होने की भी संभावना
इससे पहले पुलिस सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई थी कि अयोध्या पुलिस चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को नोटिस जारी कर सकती है। एसआईटी ने जिस तरह सभी संबंधित लोगों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए थे, उसी प्रक्रिया का पालन करते हुए अब स्थानीय पुलिस भी जांच को आगे बढ़ा रही है।
जांच को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने की तैयारी
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर जांच को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा। फिलहाल जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।