UP Janata Darshan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि पीड़ितों को बेवजह सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए और समाधान के बाद उनसे संपर्क कर संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, राजस्व और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े कई मामलों पर मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कैंसर पीड़िता से बोले सीएम- इलाज की चिंता मत कीजिए
जनता दर्शन के दौरान बरेली से आई एक महिला ने कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। महिला ने मुख्यमंत्री को अपनी बीमारी की जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला से अस्पताल का उपचार अनुमान (Estimate) उपलब्ध कराने को कहा। जब महिला तत्काल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं तो मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा कि अस्पताल से एस्टिमेट मंगवा लें, इलाज की चिंता सरकार करेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मरीज को जल्द अस्पताल में भर्ती कराने और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
राजस्व मामलों में देरी पर जताई नाराजगी
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में राजस्व विवादों से जुड़े मामले भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व मुकदमों का समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जाए ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि अनावश्यक देरी का सबसे अधिक नुकसान गरीब और जरूरतमंद लोगों को उठाना पड़ता है।
अतिक्रमण पर सरकार की सख्त नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अतिक्रमण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी अवैध कब्जे के मामले सामने आएं, वहां नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों को दिए ये अहम निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि-
सभी शिकायतों का तय समय में समाधान किया जाए।
समाधान के बाद शिकायतकर्ता से संपर्क कर संतुष्टि ली जाए।
राजस्व अधिकारी नियमित रूप से न्यायालय में बैठें।
लंबित मामलों का जल्द निस्तारण किया जाए।
जरूरतमंदों को समय पर न्याय मिले, यह प्रशासन की प्राथमिकता हो।
जनता दर्शन की प्रमुख बातें
सीएम योगी का संदेश
मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि "आप निश्चिंत होकर घर जाइए, सरकार हर मामले का उचित समाधान कराएगी।" उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि उसका प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।