उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 25 जून को संतकबीर नगर जिले के दौरे पर रहेंगे। वह शाम 4 बजे हैंसर बाजार ब्लॉक के बसवारी गांव स्थित बैजूनाथधाम शिव मंदिर पहुंचेंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री धनघटा विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 224 करोड़ 79 लाख 60 हजार रुपये की लागत वाली 65 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इन परियोजनाओं में 54 करोड़ 42 लाख 11 हजार रुपये की लागत से तैयार 17 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 170 करोड़ 37 लाख 49 हजार रुपये की लागत वाले 48 नए विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने 35 अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया को चिकित्सकों और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं खलीलाबाद के उपजिलाधिकारी हृदय राम तिवारी को हेलीकॉप्टर संचालन के लिए पर्याप्त एटीएफ ईंधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
हेलीपैड, पंडाल और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आर.के. पांडेय को मानकों के अनुरूप हेलीपैड निर्माण, जनसभा स्थल पर पंडाल, बैरिकेडिंग, साइनेज, वीआईपी मंच और पार्किंग व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी संजीव राय को हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक साफ-सफाई और पानी के छिड़काव की व्यवस्था करने का दायित्व सौंपा गया है। वहीं मंदिर परिसर की सजावट, पूजा सामग्री और सुंदरीकरण परियोजना की जानकारी प्रदर्शित करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है।
बिजली, पार्किंग और खान-पान की व्यवस्था भी सुनिश्चित
धनघटा के एसडीएम रविकांत चौबे और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को मुख्य पंडाल और वीआईपी प्रवेश द्वार की व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। अपर एसडीएम सुधीर कुमार और प्रशासनिक अधिकारियों को पार्किंग और पास जारी करने का कार्य सौंपा गया है।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग खान-पान की गुणवत्ता की निगरानी करेगा, जबकि अग्निशमन विभाग फायर ब्रिगेड, स्मॉग कैनन और अन्य सुरक्षा संसाधनों की व्यवस्था करेगा।
डीएम बोले- सभी तैयारियां पूरी
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और प्रत्येक बिंदु पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।