उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने हजारों अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में शामिल होने का मौका दिया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा प्राविधिक सहायक (Technical Assistant) ग्रुप-सी के 3446 पदों पर चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस भर्ती के जरिए प्रदेश के हजारों युवाओं का लंबे समय से देखा जा रहा सरकारी नौकरी का सपना साकार होने जा रहा है। चयनित अभ्यर्थियों को अब कृषि विभाग में नियुक्ति मिलेगी, जिससे विभाग की जमीनी स्तर पर कार्यक्षमता भी मजबूत होगी।
3446 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 13 जुलाई 2025 को आयोजित की गई थी। परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार, 23 जून 2026 को आयोग ने चयन सूची जारी कर दी। अब कृषि विभाग रिक्त पदों और जनपदवार आवश्यकता के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।
कृषि मंत्री ने दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि युवाओं की मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित युवा कृषि विभाग को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेंगे। वहीं कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
कृषि सचिव इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह भर्ती लंबे समय से प्रतीक्षित थी। बड़ी संख्या में तकनीकी सहायकों की नियुक्ति होने से कृषि विभाग का फील्ड नेटवर्क मजबूत होगा और किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंच सकेगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी सहायक किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत तकनीक, फसल प्रबंधन और कृषि योजनाओं की जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे किसानों की आय बढ़ाने के लक्ष्य को हासिल करने में भी मदद मिलेगी।
एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को मिलेगी मजबूती
प्रदेश सरकार लगातार कृषि क्षेत्र को मजबूत करने पर जोर दे रही है। अधिकारियों का मानना है कि नई नियुक्तियों से कृषि विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा। विशेषज्ञों के अनुसार कृषि क्षेत्र में तकनीकी संसाधनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
नियुक्ति प्रक्रिया जल्द होगी शुरू
परिणाम जारी होने के बाद अब कृषि निदेशक चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। रिक्त पदों और जिलावार आवश्यकता के आधार पर नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। हजारों अभ्यर्थी अब अपने नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद वे आधिकारिक रूप से कृषि विभाग की सेवा में शामिल हो सकेंगे।