उत्तरप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार सुबह से प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। मथुरा में दोपहर करीब 1 बजे हुई तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। महज आधे घंटे की बारिश में रेलवे अंडरपास में गर्दन तक पानी भर गया, जबकि कई सड़कों पर नदी जैसा तेज बहाव देखने को मिला। जलभराव के कारण एक स्कूटी बह गई और कई दुकानदारों का सामान भी पानी में बह गया।
कानपुर में भारी बारिश से दीवार गिरी, मेडिकल कॉलेज में भरा पानी
कानपुर में गुरुवार देर रात से शुक्रवार तड़के तक लगातार हुई भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में पानी भर गया, जिससे खड़ी कारें और बाइकें आधी डूब गईं। वहीं ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की करीब 100 फीट लंबी दीवार भरभराकर गिर गई। एक अपार्टमेंट के बेसमेंट की दीवार धंसने के बाद एहतियातन इमारत को खाली कराया गया।
बिजली गिरने से किसान की मौत, कई जिलों में जलभराव
झांसी में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। उन्नाव में लगातार बारिश के कारण कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जालौन में भी तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई।
पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।